छठ घाट का वीडियो सोशल मीडिया पर डालने से बढ़ा विवाद, प्रधान प्रतिनिधि पर घर पहुंचकर धमकाने का आरोप

30 से 40 लोगों के दरवाजे पर पहुंचने का दावा, पीड़ित ने थाने में दी तहरीर
परतावल/महराजगंज । छठ घाट का वीडियो सोशल मीडिया पर डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। नटवां जंगल गांव के टोला नागाबारी निवासी कमलेश कुमार पाल ने प्रधान प्रतिनिधि पर घर पहुंचकर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कमलेश कुमार पाल के अनुसार, ग्राम सभा के छठ घाट का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से नाराज प्रधान प्रतिनिधि उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद करीब 30 से 40 लोग उनके दरवाजे पर जुट गए। उस समय घर में उनकी मां और भाभी मौजूद थीं। पीड़ित का आरोप है कि प्रधान प्रतिनिधि ने उनके परिजनों के साथ गाली-गलौज की और धमकी दी।
मामले को लेकर पीड़ित ने श्यामदेउरवा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
#महराजगंज #परतावल #श्यामदेउरवा #छठघाट #सोशलमीडिया #गालीगलौज #धमकी #पुलिसशिकायत #क्राइमन्यूज #उत्तरप्रदेश



