दशहरा और मूर्ति विसर्जन को लेकर डीएम-एसपी ने त्रिमुहानी घाट का किया निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
महराजगंज। दशहरा एवं मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सोमवार को कोतवाली क्षेत्र के त्रिमुहानी घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था और मूर्ति विसर्जन से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को मूर्ति विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। घाट पर भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।


अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों और संबंधित विभागों के कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने तथा सुरक्षा मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए, ताकि दशहरा एवं मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।



