शिवा शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे की तलाश में भारत-नेपाल सीमा पर पहुंची लखनऊ क्राइम ब्रांच

भगवानपुर में स्थानीय पुलिस के साथ जांच तेज, सीमावर्ती रास्तों और दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीमें
महराजगंज। लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपित श्रद्धा दुबे की तलाश में जांच का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है। इसी क्रम में लखनऊ की क्राइम ब्रांच और एसओजी की टीम भारत-नेपाल सीमा से सटे महराजगंज जिले के सोनौली क्षेत्र स्थित भगवानपुर कस्बे पहुंची। यहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम ने जांच-पड़ताल शुरू की और संभावित आवागमन से जुड़े सुराग जुटाने में लगी रही।
सीमावर्ती क्षेत्र में पहुंची टीम की निगाह उन रास्तों पर है, जिनका इस्तेमाल सीमा की ओर आने-जाने के लिए किया जाता है। जांच के दौरान पगडंडी मार्गों के आसपास स्थित दुकानों और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के जरिए संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाने और मामले से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
भारत-नेपाल सीमा से सटा भगवानपुर कस्बा अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में क्राइम ब्रांच और एसओजी की टीमें यहां संभावित गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से मिलान कर रही हैं।
फिलहाल श्रद्धा दुबे की तलाश में जांच टीम संभावित सुरागों के आधार पर आगे बढ़ रही है। हालांकि, भगवानपुर में जांच के दौरान किसी ठोस सफलता या श्रद्धा दुबे की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



