स्वच्छता ही सेवा के तहत पनियरा में चला स्वच्छता अभियान, गांधी पार्क में किया श्रमदान

पनियरा/महराजगंज। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नगर पंचायत पनियरा में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर पंचायत कार्यालय परिसर में अध्यक्ष उमेश चंद्र जायसवाल ने ध्वजारोहण कर की। इसके बाद महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

इसके पश्चात विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश चंद्र जायसवाल, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, जिला महामंत्री बबलू यादव, अधिशासी अधिकारी अवनीश यादव सहित अन्य लोगों ने वार्ड नंबर छह स्थित गांधी पार्क पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा की साफ-सफाई की और माल्यार्पण किया।
अभियान के अगले चरण में दुर्गा मंदिर चौराहे पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने झाड़ू लगाकर श्रमदान किया। इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के कर्मचारी और सफाई मित्र समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



