
बैंक कर्मचारियों और आईबीए के बीच बनी सहमति, ग्राहकों को राहत; शनिवार-रविवार की छुट्टी पर अभी फैसला नहीं

नई दिल्ली, 28 सितंबर। बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल टल गई है। इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बीच 27 सितंबर की रात हुई बैठक में हड़ताल वापस लेने पर सहमति बनी। यूएफबीयू के तहत देश की सात प्रमुख बैंक यूनियनें शामिल हैं। बैंक कर्मचारी सोमवार से शुक्रवार तक बैंकिंग कार्य और शनिवार-रविवार साप्ताहिक अवकाश की मांग कर रहे थे।
बैठक में पांच दिन कार्य व्यवस्था की मांग पर एक कमेटी गठित कर समाधान तलाशने पर सहमति बनी है। हालांकि, अभी पांच दिन कार्य व्यवस्था लागू नहीं हुई है। प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) समेत अन्य लंबित मुद्दों पर भी बातचीत जारी रहेगी। यूएफबीयू के अनुसार, बैठक में सरकार सीधे तौर पर शामिल नहीं थी, लेकिन पीएलआई में बदलाव संबंधी प्रस्ताव आईबीए सरकार के समक्ष रखेगा।वहीं वित्त मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि सरकार ने पांच दिन कार्य व्यवस्था लागू करने का कोई वादा नहीं किया था।
हड़ताल टलने से बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है और नकदी जमा-निकासी, चेक, ड्राफ्ट समेत सामान्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने से बच गईं। हड़ताल की आशंका को देखते हुए वित्त मंत्रालय के निर्देश पर रविवार को भी बैंक शाखाएं खोली गई थीं। गौरतलब है कि इससे पहले नोटबंदी के दौरान नवंबर 2016 में भी रविवार को बैंक खोले गए थे। फिलहाल बैंकिंग व्यवस्था में शनिवार-रविवार की छुट्टी को लेकर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है और कमेटी की सिफारिश के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।



