VB-G RAM G पोर्टल पर 52 श्रमिक दर्ज, कार्यस्थल पर मिले महज पांच

हरपुर तिवारी में VB-G RAM G योजना के कार्यों पर उठे सवाल, एक अक्टूबर को भी नहीं मिले थे श्रमिक

महराजगंज। परतावल विकासखंड के ग्रामसभा हरपुर तिवारी में VB-G RAM G योजना के तहत चल रहे कार्यों को लेकर पोर्टल पर दर्ज श्रमिकों की उपस्थिति और मौके की स्थिति में अंतर सामने आया है। एक से चार अक्टूबर तक अलग-अलग मास्टर रोल में दर्ज श्रमिकों की संख्या और कार्यस्थल पर मिली वास्तविक उपस्थिति को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। हालांकि, मामले की वास्तविक स्थिति विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, एक अक्टूबर को पोर्टल पर मास्टर रोल संख्या 2612, 2613, 2614 और 2615 में कुल 35 श्रमिकों के कार्य करने का विवरण दर्ज था। आरोप है कि संबंधित कार्यस्थल पर एक भी श्रमिक काम करता हुआ नहीं मिला।
वहीं, तीन अक्टूबर को मास्टर रोल संख्या 2612, 2613, 2614, 2615, 2661 और 2662 में कुल 52 श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज बताई गई। इसके बावजूद मौके पर कोई श्रमिक कार्य करता हुआ नहीं मिलने का दावा किया गया।
चार अक्टूबर को भी इन्हीं छह मास्टर रोल में 52 श्रमिकों के कार्य करने का विवरण पोर्टल पर दर्ज बताया गया। रविवार को कार्यस्थल पर महज पांच श्रमिक ही काम करते मिले। ऐसे में पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति और मौके पर मौजूद श्रमिकों की संख्या में बड़ा अंतर सामने आया है।
जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
मामले में जब खंड विकास अधिकारी से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि वह बाहर हैं और इस संबंध में एपीओ से जानकारी ली जाए। वहीं एपीओ ने मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पोर्टल पर श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज की गई है तो कार्यस्थल पर भी उसी के अनुरूप श्रमिकों की मौजूदगी होनी चाहिए। ऐसे में मास्टर रोल, पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति, मौके पर हुए कार्य और वास्तविक श्रमिकों की मौजूदगी का स्थलीय सत्यापन कराया जाना आवश्यक है।
अब विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पोर्टल पर दर्ज 52 श्रमिकों की उपस्थिति और मौके पर मिले पांच श्रमिकों के बीच इतना अंतर किन परिस्थितियों में हुआ। जांच के निष्कर्ष के आधार पर ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।



