शराब की दुकान हटाने की मांग पर अनशन, बिगड़ी वीरेंद्र प्रताप की तबीयत

चार दिन से आमरण अनशन पर बैठे थे, प्रशासनिक टीम ने जिला अस्पताल भेजा
परतावल, महराजगंज। परतावल चौराहे के पास देशी शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर चल रहा आमरण अनशन बुधवार को उस समय गंभीर हो गया, जब अनशनकारी वीरेंद्र प्रताप मद्धेशिया की तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के छातीराम पुल के पास रहने वाले वीरेंद्र प्रताप मद्धेशिया 11 अक्टूबर से आमरण अनशन पर बैठे थे। उनके घर के पास संचालित देशी शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर उन्होंने यह कदम उठाया था। बुधवार को उनकी सेहत बिगड़ने की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया।
एसडीएम सदर जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में पहुंची चिकित्सकीय टीम ने अनशनकारी के स्वास्थ्य की जांच की। हालत ठीक नहीं होने पर उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया। वहां से बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
मौके पर सीओ सदर अंकुर गौतम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे। शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर शुरू हुआ यह अनशन अब अनशनकारी की बिगड़ती सेहत के कारण चर्चा में है।



