उत्तर प्रदेशमहराजगंज

अभ्युदय से पढ़कर जिले के जरूरतमंद होनहार भी बनेंगे प्रशासनिक अधिकारी

जिले के स्थानीय पीजी कॉलेज में संचालित होंगी सिविल सर्विसेज की तैयारी के लिए कक्षाएं, कोचिंग में सम्मिलित होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराएं अभ्यर्थी

अबतक 200 से अधिक लोग अभ्युदय के माध्यम से सफल हो चुके हैं

जेईई, नीट, टीजीटी व पीजीटी आदि परीक्षाओं की भी तैयारी कराएगा अभ्युदय

जनपद महराजगंज के अपर जिलाधिकारी डॉ पंकज कुमार वर्मा

महराजगंज, 14 जुलाई 2023(हर्षोदय टाइम्स): सिविल सेवा की तैयारी के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए सत्र 2023-24 में अभ्युदय सिविल सेवा कक्षाओं की शुरुआत जल्द हो रही है।
अलीगढ़ में सिविल सेवा मार्गदर्शिका के माध्यम से सैकड़ों अभ्यर्थियों को सफलता दिलाने वाले अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में जनपद के प्रतियोगी छात्र-छात्राओं को स्तरीय कोचिंग उपलब्ध कराने हेतु विषय विशेषज्ञों व जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों की टीम कार्य करेगी। इसके साथ ही जे.ई.ई., नीट, एनडीए, टीजीटी, पीजीटी आदि परीक्षाओं की तैयारी अभ्युदय कक्षा में करायी जाएगी।
इस टीम द्वारा छात्रों को कोचिंग देने के साथ-साथ प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा के तैयारी की रणनीति, सफलता के टिप्स आदि बताया जाएगा। आवश्यक होने पर उनको उचित काउंसलिंग भी मुहैय्या करायी जाएगी। अपर जिलाधिकारी महराजगंज के नेतृत्व में एक टीम मुख्य परीक्षा के लिए चयनित प्रतियोगियों को मुख्य परीक्षा हेतु विशेष कोचिंग देगी, ताकि वे साक्षात्कार हेतु चयनित हो सके।
अपर जिलाधिकारी ने कहा है कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अभ्युदय कक्षाओं का संचालन समाज कल्याण विभाग द्वारा जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज में संचालित किया जा रहा है। इस वर्ष भी विभिन्न विषयों के अनुभवी अध्यापकों व सम्बन्धित विषय से सिविल सेवा में सफल अधिकारियों द्वारा अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। उम्मीद है प्रशासन का यह प्रयास प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा अभ्युदय कोचिंग उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए शुरू किया गया है, जो किन्ही कारणों से महंगे व दूर स्थित कोचिंग संस्थानो में कोचिंग नहीं ले सकते और उचित मार्गदर्शन के अभाव में सिविल सेवा में जाने के सपने पूरे नहीं हो पाते हैं। विशेषकर महिला प्रतियोगियों के लिए यह कोचिंग बड़ा अवसर है। क्योंकि अनेक लड़कियां बाहर जाकर कोचिंग लेने या तैयारी करने में सक्षम नहीं हो पाती हैं। उन्होंने बताया कि हापुड़, बरेली, प्रयागराज, लखनऊ आदि शहरों में अभ्युदय कोचिंग द्वारा काफी अच्छा कार्य किया जा रहा है। इन्ही की तर्ज पर महराजगंज में भी अभ्युदय कोचिंग को संचालित किया जाएगा, ताकि प्रतिभाशाली विद्यार्थी सिविल सेवा सहित अन्य परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें। समाज कल्याण अधिकारी ने कहा कि अभ्युदय कोचिंग के माध्यम से यूपीएससी-2022 में 13 अभ्यर्थियों सहित विभिन्न सिविल सेवाओं में 60 से अधिक अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इसके अलावा अबतक 200 से अधिक अभ्यर्थी अभ्युदय कक्षाओं के माध्यम से सफलता प्राप्त कर चुके हैं।
अभ्युदय कक्षाएं अगले एक सप्ताह में जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज में संचालित होंगी। इच्छुक अभ्यर्थी जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज में अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

रघुनाथ वर्मा, न्यूज एडिटर हर्षोदय टाइम्स

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}