जाल में फंसे तेंदुआ का वन विभाग ने किया रेस्क्यू

उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज: महराजगंज जनपद के सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के निचलौल रेंज के ग्राम सोहट के सीवान में शनिवार की रात शिकार के लिए लगाए गए फंदे में एक तेंदुआ फंसकर घायल हो गया।आज रविवार की सुबह खेत गए किसानों ने उसे देख ग्रामीणों और वन विभाग को सूचना दी। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को दोपहर करीब 2 बजे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। तेंदुए को प्राथमिक उपचार कर महराजगंज ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि सोहट गांव के पूरब सीवान में रविवार की सुबह खेत की तरफ गए ग्रामीणों ने एक गन्ने के खेत में तेंदुए को देखा। जाल में फंसा तेंदुआ उससे निकलने के लिए बेचैन था।इसके बाद कुछ और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जाल बिछाकर तेंदुए को पकड़ कर शिकारी के फंदे से मुक्त कराया और वन विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे रेंजर सुनील कुमार राव ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। जानकारी मिलते ही एसडीओ वन आरसी मलिक तथा प्रभागीय वनाधिकारी नवीन प्रकाश शाक्य भी मौके पर पहुंचे। तेंदुए के आक्रामक तेवर को देखते हुए उसे पिजड़ा में रखने और उपचार के लिए गोरखपुर से चिकित्सकों की टीम दोपहर करीब 12 बजे घटनास्थल पर पहुंची। जिससे तेंदुए को ट्रैंकुलाइज गन से बेहोश कर सुरक्षित पिजड़े में रखा गया और फिर तेंदुए का उपचार किया गया।