
मनोज कुमार त्रिपाठी
काठमांडू नेपाल! नेपाली जनता दल के पूर्व सांसद हरिचरन शाह ने कहा है कि नेपाल की सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार की आकंठ में डूब गई है। जनता बेहाल है। दलाल, बिचौलिए, भ्रष्टाचारी और भ्रष्ट अधिकारी मालामाल हो रहे हैं। उक्त बातें नेपाली जनता दल के पूर्व सांसद हरिचरन शाह ने हर्षोदय टाइम्स गोरखपुर मंडल के प्रभारी मनोज कुमार त्रिपाठी से काठमांडू स्थित पार्टी कार्यालय में मुलाकात के बाद एक्सक्लूसिव बातचीत के दौरान कही।
उन्होंने नरेंद्र मोदी को भारत का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है जहां मोदी को तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री चुना गया है। उन्होंने भाजपा के लाखों लाख कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को भी तीसरी बार इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी।
उन्होंने कहा कि नेपाल भारत का पड़ोसी देश है जिसके भारत से अटूट रिश्ते हैं। नेपाली नेताओं को भारत के लोकतंत्र और वहां के नेताओं से सीख लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यहां के नेताओं ने भूटानी, बांग्लादेशी और म्यांमार के नागरिकों को नेपाली बनाकर अमेरिका को बेचने का काम किया है। यह बड़े शर्म की बात है। इस काम से पूरी दुनिया में नेपाली नेताओं की थू-थू हो रही है।
उन्होंने आगे कहा कि नेपाल एक कृषि प्रधान देश है पर यहां के किसानों के लिए सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रही है। पहले यहां से चावल का निर्यात होता था परन्तु अब नेपाल चावल और अन्य खाद्य सामग्री के मामले में दूसरे देशों पर निर्भर है। देश में बेरोजगारी बढ़ी है। 60 लाख युवा देश से पलायन कर चुके हैं और आज भी युवाओं का बड़े पैमाने पर देश से पलायन हो रहा है ऐसी तमाम समस्याएं देश में है जिसका हल निकलना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि नेपाल से मेन ड्रेन,ब्रेन ड्रेन और मनी ड्रेन जो हो रहा वह देश के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत और चीन के साथ-साथ नेपाल का भी विकास होना चाहिए जिसके लिए हमारी पार्टी जी-जान से जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि जो लोग भी देश से पलायन किए हैं उन्हें हम लोग वापस लाएंगे और नेपाल में उन्हें रोजगार मुहैया कराएंगे। उन्होंने आगे कहा कि नेपाल स्वर्ग से सुंदर एक ऐसा देश है जहा पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। हमारी कोशिश रहेगी कि देश में पर्यटन को बढावा मिले जिससे देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ-साथ लाखों लोगों को रोजगार मिल सके। यहां पशुपतिनाथ मंदिर समेत तमाम तीर्थ स्थल है। खूबसूरत पहाड़, नदियां, झरने और और तमाम दार्शनिक स्थल भी हैं। भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी को नेपाल में एक महत्वपूर्ण पर्यटक स्थल के रूप में जाता है। जहां भारत से ही नहीं अन्य देशों के लाखों बौद्ध पर्यटक हर साल दर्शन के लिए आते हैं।