पंचायत सहायकों ने मानदेय भुगतान को लेकर की आवाज बुलंद

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री को सौंपे दो सूत्रीय ज्ञापन, डीबीटी से भुगतान की उठाई मांग

महराजगंज। पंचायत सहायकों के मानदेय भुगतान को लेकर जिले में एक बार फिर स्वर मुखर हो गए हैं। पंचायत सहायक संघ, महराजगंज के पदाधिकारियों ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं सांसद पंकज चौधरी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और दो सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश चंद सौरभ के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पंचायत सहायकों का मानदेय ग्राम निधि के स्थान पर डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से कराया जाए, ताकि भुगतान में पारदर्शिता बनी रहे और समय से राशि उनके खातों में पहुंच सके।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था में भुगतान को लेकर कई व्यावहारिक दिक्कतें सामने आती हैं, जिससे पंचायत सहायकों को आर्थिक असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। संघ ने मांग की कि मानदेय में युक्तिसंगत वृद्धि भी की जाए, ताकि पंचायत सहायकों को सम्मानजनक पारिश्रमिक मिल सके और वे निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
जिलाध्यक्ष सुरेश चंद सौरभ ने कहा कि पंचायत सहायक ग्राम पंचायतों में डिजिटल कार्यों से लेकर प्रशासनिक सहयोग तक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उनका भुगतान नियमित और पारदर्शी होना आवश्यक है।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार मौर्य, विनोद, श्रीभगवत, प्रदीप कुमार त्रिपाठी, आनंद कुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र समाधान का आग्रह किया।
संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर पंचायत सहायकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएं।



