‘रामायण’ सीरियल में राम, लक्ष्मण और सीता की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल, दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी पहुंचे अयोध्या

तीनों एक्टर भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में होंगे शामिल
अयोध्या का राम मंदिर,राष्ट्र मंदिर साबित होगा- अरूण गोविल
प्रभु श्रीराम को नकारने वाले लोग पूरी तरह से हैं नादान – सुनील लहरी
जो प्यार हमें मिला है आशा करती हूं सदैव मिलता रहेगा- दीपिका चिखलिया
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
अयोध्या: रामानंद सागर के कालजयी सीरियल ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल, माता सीता की भूमिका निभाने वाली दीपिका चिखलिया और लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी मंगलवार को अयोध्या पहुंचे। सभी कलाकार भगवान राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। इसके अलावा ‘हमारे राम आएंगे’ एल्बम की शूटिंग में भी हिस्सा लेंगे। इस गाने को सोनू निगम ने गाया है। शूटिंग गुप्तार घाट, हनुमानगढ़ी और लता चौक पर हुई है।
मीडिया से बातचीत करते हुए अरुण गोविल ने कहा कि अयोध्या का राम मंदिर राष्ट्र मंदिर साबित होगा। पूरे विश्व में वह संस्कृति जो पिछले कुछ वर्षों में धूमिल हो गई थी, जो हमारी संस्कृति की विरासत है, वह पूरे विश्व को पता लगेगी। यह मंदिर प्रेरणा स्रोत होगा। हमारी आस्था का केंद्र तो है ही यह हमारा गौरव होगा। यह हमारी पहचान बनेगा।
गोविल ने आगे कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनेगा इसका विश्वास तो था लेकिन भगवान राम लला की प्राण प्रतिष्ठा इस तरह से होगी, इतना बड़ा ईवेंट होगा इसका अंदाजा मुझे नहीं था। मेरे अपने जीवन की यह सबसे बड़ी घटना है।
राम मंदिर को लेकर इतना भाव होगा,इसकी कल्पना नहीं थी
मूल रूप से मेरठ से संबंध रखने वाले गोविल ने कहा कि इतना भाव होगा, इतनी ऊर्जा होगी, पूरा देश राममय हो जाएगा, जहां-जहां भगवान राम को मानने वाले हैं, वहां खुशी का माहौल है, इसकी कल्पना नहीं थी, इसलिए जो इसकी अनुभूति है वह बहुत ही सुखद है। हम एक ऐसे पल के साक्षी बनने जा रहे हैं, इसके विषय में हमने कभी सोचा भी नहीं था।
लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी ने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हो रहा हूं। मैं बहुत ही भाग्यशाली हूं, जो कुछ मैं नहीं जानता था, उसको भी जानने का मौका मिल रहा है। देश में जो माहौल बना है, बहुत ही धार्मिक है और बहुत ही सकारात्मक है। यह विश्व को बहुत ही सकारात्मक भावना देगा।
रामायण के पात्रों को प्यार मिलता रहेगा
रामायण में माता सीता की भूमिका निभाने वाली दीपिका चिखलिया ने कहा कि जो हमारी इमेज लोगों को दिलों में बस चुकी है, राम मंदिर के निर्माण के बाद भी मुझे नहीं लगता उसमें कोई परिवर्तन होगा। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो रही है, लोगों ने बहुत प्यार दिया है। ऐसा ही प्यार रामायण के पात्रों को मिलता रहेगा।
नादान हैं वो लोग जो राम को नकारते हैं
राम को नकारने वालों को सुनील लहरी ने जवाब भी दिया। कहा कि ‘नादान हैं वो लोग जो राम को नकारते आ रहे हैं। राम क्या हैं, इसकी उनको जानकारी नहीं है। जब तक कोई रामायण पढ़ेगा नहीं तब तक भगवान राम के बारे में जानकारी नहीं होगी। भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम है। रामायण हमको सिखाती भी है कि हमको मर्यादा में रहना चाहिए। यह शिक्षा उनको नहीं मालूम जो राम को नकारते हैं।