क्राइमगोरखपुर

गोरखपुर से आईएसआई एजेंट गिरफ्तार

  • भारतीय नौसेना के युद्धक जहाजों की फोटो भी पाकिस्तानी एजेंट को भेजी
  • हनी ट्रैप में फंसकर पाकिस्तानी को दी भारतीय नौसेना की अहम सूचनाएं
  • आरोपी राम सिंह के बैंक खाते में पाकिस्तान से भेजी गई रकम

गोरखपुर। यूपी एटीएस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ‘आईएसआई’ के एजेंट राम सिंह को गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र स्थित उसके पैतृक गांव रमवापुर से गिरफ्तार किया है। राम सिंह ने हनी ट्रैप में फंसकर भारतीय नौसेना के बारे में संवेदनशील सूचनाएं आईएसआई को दी थीं। राम सिंह गोवा शिपयार्ड नेवल बेस में पार्ट टाइम वर्कर के तौर पर काम करता था।
एटीएस को खुफिया स्रोतों से ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि आईएसआई के एजेंट छद्म नामों से भारतीय नौसेना के कर्मचारियों तथा शिपयार्डों में काम करने वाले प्राइवेट व्यक्तियों के संपर्क में हैं। वे इन कर्मचारियों को बहला फुसला कर या धन का लालच देकर भारतीय नौसेना से संबंधित गोपनीय एवं संवेदनशील सूचनाएं व दस्तावेज प्राप्त किए जा रहे हैं। इसके लिए इन कर्मचारियों को विभिन्न माध्यमों से धन भेजा जा रहा है। इस सूचना को विकसित करने पर यह तथ्य प्रकाश में आया कि राम सिंह एक पाकिस्तानी महिला जासूस के संपर्क में है और पाकिस्तानी एजेंटों द्वारा राम सिंह के बैंक खाते में लगातार धन मुहैया कराया जा रहा है। इतना ही नहीं राम सिंह द्वारा पाकिस्तानी एजेंटों के लिए भारतीय नौसेना व सेना की गोपनीय सूचना देने वाले पाकिस्तानी एजेंटों के साथियों को धन उपलब्ध कराया गया है। एटीएस ने पहले राम सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। फिर रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

तीन साल पहले हनी ट्रैप में फंसा था राम सिंह
राम सिंह ने पूछताछ में एटीएस को बताया कि वह लगभग तीन वर्ष से फेसबुक व व्हाट्सअप के जरिए पाकिस्तानी महिला जासूस कीर्ति कुमारी (छद्म नाम) के संपर्क में था। वह गोवा शिपयार्ड नेवल बेस में पार्ट टाइम वर्कर के तौर पर भारतीय नौसेना के युद्धक जहाजों में इनसुलेशन लगाने का काम करता था। शिपयार्ड में नेवी के बहुत सारे युद्धक जहाज जैसे आईएनएस विक्रमादित्य व आईएनएस विक्रांत आदि आते थे। उसने आईएसआई एजेंट को भारतीय नौसेना के युद्धक जहाजों की फोटो भी भेजी है। पाकिस्तानी महिला जासूस कीर्ति कुमारी ने राम सिंह के बैंक खाते में काफी धनराशि जमा कराई है। जमा कराए गए रुपये को राम सिंह ने पाकिस्तानी एजेंट के कहने पर आईएसआई के लिए काम करने वाले एजेंटों के बैंक खातो में ट्रांसफर किया है। इस मामले में एटीएस ने अपने लखनऊ थाने में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त राम सिंह गिरफ्तार किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}