थाना शिवपुर की नाक के नीचे फल-फूल रहा जुए का अड्डा

काशीराम आवास के पास महीनों से खुलेआम चल रहा अवैध जुआ का धंधा, पुलिस की चुप्पी पर सवाल
काशीनाथ पाण्डेय ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी। थाना शिवपुर क्षेत्र अंतर्गत काशीराम आवास के समीप स्थित एक खाली मैदान इन दिनों अवैध जुए का गढ़ बनता जा रहा है। स्थानीय दबंग युवकों द्वारा बीते कई महीनों से यहां खुलेआम जुए का धंधा संचालित किया जा रहा है। हालात इतने बेखौफ हैं कि दिनदहाड़े दर्जनों लोग जुए की महफिल सजाते देखे जा सकते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी जा रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस अवैध गतिविधि के कारण क्षेत्र का सामाजिक माहौल लगातार खराब हो रहा है। असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहने से आए दिन विवाद की आशंका बनी रहती है। लोगों के अनुसार कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे दबंगों के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो जुए के इस अड्डे पर आसपास के इलाकों से भी लोग पहुंचते हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव, अपराध और शांति भंग होने का खतरा बढ़ गया है। शाम ढलते ही यहां भीड़ जुटने लगती है और खुलेआम दांव-पेंच लगाए जाते हैं।
अब सवाल यह उठता है कि थाना शिवपुर पुलिस इस अवैध जुए के अड्डे पर कब तक कार्रवाई करेगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द संज्ञान लेकर इस गैरकानूनी धंधे पर रोक लगाएगी, ताकि क्षेत्र में कानून का भय और शांति बहाल हो सके।



