सामुदायिक शौचालय के पास अधेड़ महिला का शव मिलने से सनसनी


शरीर पर चोट के निशान, शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस


परतावल /महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सामुदायिक शौचालय के पास बुधवार सुबह एक अधेड़ महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव पर चोट के निशान पाए गए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


गोरखपुर–महराजगंज मार्ग पर बुधवार सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर शौचालय के पास पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतका के गले में लाल धागा बंधा था, जिसमें दो चाबियां और एक काला धागा भी मिला है। महिला के दाहिने पैर का अंगूठा कटा हुआ था, ललाट पर चोट के निशान तथा बाएं हाथ पर खरोंच भी देखी गई।


पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला विक्षिप्त प्रतीत हो रही है। मामले की गहन जांच की जा रही है। आसपास के थानों को सूचना दे दी गई है तथा स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से भी महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।


पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *