वाराणसी में जिमों की होगी सख्त जांच, महिलाओं के लिए महिला ट्रेनर अनिवार्य : सीएम योगी

काशीनाथ पाण्डेय ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिले में संचालित सभी जिम और फिटनेस सेंटरों की व्यापक जांच कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिमों में आने वाली महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा वहां महिला प्रशिक्षकों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री रविवार को सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि सभी जिम और फिटनेस सेंटर निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार संचालित होने चाहिए। यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि जिम में आने वाली महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाना जरूरी है। इसलिए महिला प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि महिलाएं बिना किसी असहजता के फिटनेस गतिविधियों में भाग ले सकें।
गौरतलब है कि वाराणसी के पड़ोसी जिले में हाल ही में जिम की आड़ में लड़कियों के कथित धर्मांतरण का मामला सामने आया था। इस प्रकरण में एक सिपाही समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जांच के दौरान कुछ जिमों में संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिलने के बाद प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है।



