अलविदा की नमाज़ को लेकर वाराणसी में हाई अलर्ट, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने किया शहर का निरीक्षण

वाराणसी। अलविदा की नमाज़ के मद्देनजर शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को शहर क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और संवेदनशील स्थलों की व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि अलविदा की नमाज़ को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए कमिश्नरेट पुलिस के सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने नदेसर स्थित मस्जिद, दालमण्डी क्षेत्र और ज्ञानवापी मस्जिद परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नमाजियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की।
इसके अलावा उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुगम आवागमन की व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से बांसफाटक तक पैदल गश्त कर तैनात पुलिस बल को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।


महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर महिला कमांडो भी तैनात की गई थीं। पुलिस आयुक्त ने पुलिस लाइन स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए अधिक सतर्कता, समन्वय और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें, ताकि जिले में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।



