मड़ियाहूं उपकेंद्र पर औचक निरीक्षण में मिली लापरवाही, जेई निलंबित

ऊर्जामंत्री ए.के. शर्मा की सख्ती से बिजली विभाग में मचा हड़कंप, एसडीओ को थमाई गई चार्जशीट
जौनपुर, 14 मार्च। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के औचक निरीक्षण के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। शनिवार को जौनपुर जनपद के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मड़ियाहूं का निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री को कई अनियमितताएं और अनुशासनहीनता देखने को मिली, जिस पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता (जेई) शहजाद अली अपने कार्यस्थल और मुख्यालय से बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। मंत्री द्वारा फोन से संपर्क किए जाने और अधीक्षण अभियंता के निर्देश के बावजूद वह मौके पर उपस्थित नहीं हुए। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए अधीक्षण अभियंता (वि.वि. मंडल-द्वितीय) अनिल पाठक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
इसके अलावा उपखंड अधिकारी सौरभ तिवारी के कार्य में भी लापरवाही पाए जाने पर उनके खिलाफ चार्जशीट जारी की गई है।
दरअसल इन दिनों विभाग में ‘अनुरक्षण माह’ चल रहा है, जिसके तहत बिजली लाइनों और आपूर्ति व्यवस्था के रखरखाव का कार्य युद्धस्तर पर किया जाना है। निरीक्षण में पाया गया कि संबंधित क्षेत्र में अनुरक्षण कार्य संतोषजनक नहीं है और प्रगति भी अपेक्षित स्तर पर नहीं दिखी।
इस कार्रवाई के बाद विभाग में हलचल तेज हो गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार यदि ‘अनुरक्षण माह’ और ‘सक्सेस स्टोरी एरिया’ की गहन समीक्षा की गई तो प्रदेश भर में कई अधिकारी और कर्मचारी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। अक्सर कागजों पर कार्य पूरा दिखा दिया जाता है, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति अलग होती है।
ऊर्जामंत्री ए.के. शर्मा ने स्पष्ट संदेश दिया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी जनसेवा में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। अनुशासनहीनता और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



