महराजगंज में गैस सप्लाई पर सवाल, बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर

ओटीपी ठगी से उपभोक्ताओं के नाम पर उठाए जा रहे सिलेंडर, 10 दिन बाद भी डिलीवरी नहीं
महराजगंज जनपद में घरेलू एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था चरमराती नजर आ रही है। उपभोक्ताओं को बुकिंग के कई दिनों बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जबकि ओटीपी के जरिए ठगी कर सिलेंडर उठाने के मामलों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। इससे गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में समस्या और विकराल रूप ले चुकी है। विशनपुरा निवासी उपभोक्ता ने बताया कि उन्होंने 7 मार्च को गैस बुक कराई थी, लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिला। मजबूरी में परिवार को लकड़ी के चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है।
शहर में भी हालात बेहतर नहीं हैं। सुभाष नगर वार्ड निवासी कनिश साहिल, पत्नी जुबेर खान ने बताया कि उन्होंने 5 मार्च को गैस बुक कराई थी। 7 मार्च को एक अज्ञात नंबर से कॉल कर ओटीपी मांगा गया। ओटीपी साझा करते ही उनका सिलेंडर किसी अन्य व्यक्ति को डिलीवर कर दिया गया। अब उनके घर में गैस खत्म है और परिवार को कठिनाई झेलनी पड़ रही है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसियों से जुड़े कुछ बिचौलिए सुनियोजित तरीके से ओटीपी हासिल कर फर्जी डिलीवरी दिखाते हैं और सिलेंडर को अधिक कीमत पर बेच देते हैं। इससे आम उपभोक्ता ठगी का शिकार हो रहे हैं, जबकि जिम्मेदार एजेंसियां कार्रवाई से बचती नजर आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या अब व्यापक रूप ले चुकी है और दर्जनों लोग इसका शिकार हो चुके हैं। गैस की कालाबाजारी और फर्जी डिलीवरी का नेटवर्क लगातार फैल रहा है।
पीड़ित उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ओटीपी ठगी में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए और समयबद्ध तरीके से गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दिए गए नंबर पर कोई जवाब नहीं मिला।



