मेडिकल ऑक्सीजन लिखी गाड़ी ने डिजायर को मारी टक्कर, स्कूटी सवार बाल-बाल बचे

मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में होटल के सामने हादसा, अचानक हुई टक्कर से मची अफरातफर
वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार वाहन ने सामने चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। घटना होटल फोर ऐलिमेंट के सामने की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डिजायर कार सड़क पर सामान्य रूप से चल रही थी, तभी पीछे से आ रही “मेडिकल ऑक्सीजन” लिखी गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी अचानक थी कि मौके पर हड़कंप मच गया।
हादसे के दौरान पास से गुजर रहे दो स्कूटी सवार बाल-बाल बच गए। अगर वे कुछ सेकंड आगे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
फिलहाल, मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



