उत्तर प्रदेशवाराणसी

भिखारीपुर डिस्कॉम में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान, धमाकों से दहला इलाका, बिजली व्यवस्था पर संकट



नए-पुराने पैनल जलकर राख, 20 MVA ट्रांसफार्मर पर खतरा; एमडी के लौटने से पहले मरम्मत में जुटा विभाग


वाराणसी, 20 मार्च। शहर के भिखारीपुर स्थित डिस्कॉम मुख्यालय में शुक्रवार तड़के लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे बिजली विभाग को करोड़ों रुपये का भारी नुकसान हुआ है। इस अग्निकांड ने न सिर्फ मौजूदा विद्युत व्यवस्था को झटका दिया है, बल्कि भविष्य की योजनाओं को भी प्रभावित किया है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग के दौरान हुए तेज धमाकों से आसपास का इलाका दहल उठा। करीब एक किलोमीटर तक रहने वाले लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। सुबह के सन्नाटे में हुए इन विस्फोटों ने भय का माहौल पैदा कर दिया।


आग की चपेट में आकर बिजलीघर के तीन इनकमिंग और एक आउटगोइंग पैनल पूरी तरह नष्ट हो गए। हैरानी की बात यह है कि ये पैनल हाल ही में बदले गए थे। इसके अलावा परिसर में रखे पुराने रिप्लेसमेंट पैनल भी जल गए, जिससे विभाग को दोहरी आर्थिक क्षति झेलनी पड़ी है।


घटना के दौरान लपटें 20 एमवीए ट्रांसफार्मर तक पहुंच गईं, जिससे उसमें गंभीर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों की टीम ट्रांसफार्मर की जांच में जुटी है। यदि आंतरिक क्षति की पुष्टि होती है, तो बिजली आपूर्ति बहाल करने में समय लग सकता है।


सूत्रों की मानें तो इस लापरवाही को लेकर विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है। फिलहाल प्रबंध निदेशक के शहर से बाहर होने के बीच अधिकारी तेजी से हालात को संभालने में लगे हैं और मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।


बिजली संकट से निपटने के लिए विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है। प्रभावित फीडरों को अन्य बिजलीघरों से जोड़कर आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को अधिक परेशानी न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}