परतावल के युवा फोटोग्राफर आयुष त्रिपाठी का अंतरराष्ट्रीय मंच पर चयन, अमेरिका में लगेगी तस्वीर

परतावल /महराजगंज: नगर पंचायत परतावल के बल्लभ नगर निवासी युवा फोटोग्राफर आयुष कृष्ण त्रिपाठी ने अपनी प्रतिभा के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। होली के अवसर पर अपने गांव में खींची गई उनकी एक आकर्षक तस्वीर का चयन संयुक्त राज्य अमेरिका स्थित विश्व धरोहर केंद्र में आयोजित होने वाली प्रदर्शनी के लिए किया गया है।
जानकारी के अनुसार यह प्रदर्शनी “सिल्क रोड के साथ बढ़ते हुए” थीम पर आधारित है, जिसका आयोजन अप्रैल 2026 से लेकर वसंत 2027 तक किया जाएगा। प्रदर्शनी में विभिन्न देशों के चुनिंदा युवा फोटोग्राफरों की कृतियां प्रदर्शित होंगी, जिनमें आयुष की तस्वीर भी शामिल है।

आयुष कृष्ण त्रिपाठी के पिता हरेंद्र कृष्ण त्रिपाठी क्षेत्र के सम्मानित व सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्ति हैं, जो अपने सरल स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। बेटे की इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
आयुष ने बताया कि उन्हें हाल ही में अमेरिका के विश्व धरोहर केंद्र से आधिकारिक आमंत्रण प्राप्त हुआ है, जिसमें उनकी तस्वीर को प्रदर्शनी में शामिल करने की जानकारी दी गई। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, भाई-बहनों और गुरुओं को दिया।
स्थानीय लोगों ने आयुष की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि छोटे से कस्बे परतावल से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।



