बीएलडब्ल्यू परिसर में सनसनी: सर्वेंट क्वार्टर में महिला ने फांसी लगाकर दी जान

काशीनाथ पाण्डेय ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बीएलडब्ल्यू) परिसर के बंगला नंबर 34 में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला का शव सर्वेंट क्वार्टर में फांसी के फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान पार्वती रावत (35) पत्नी दिनेश रावत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जयपुर (राजस्थान) की निवासी थीं। वह पिछले करीब चार वर्षों से अपने पति के साथ उक्त बंगले के सर्वेंट क्वार्टर में रहकर देखरेख का कार्य कर रही थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार अपराह्न पार्वती ने बंगले में लगे टीनशेड के एंगल में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही मंडुवाडीह थाना प्रभारी एवं बरेका चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने तत्काल फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है।
जांच जारी, कारणों का नहीं चल सका पता
फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



