कर्नाटक में ग्रामीण पत्रकारों को बड़ी सौगात, सरकारी बसों में मिलेगी नि:शुल्क यात्रा सुविधा

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रयास रंग लाए, जिला सीमा के भीतर राज्य परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा का आदेश जारी
बेंगलुरु/नई दिल्ली/महाराजगंज। कर्नाटक सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को बड़ी राहत देते हुए उन्हें संबंधित जिले की सीमा के भीतर राज्य परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में शासन स्तर से आदेश भी जारी कर दिया गया है। अब तक यह सुविधा केवल मान्यता प्राप्त पत्रकारों को ही उपलब्ध थी।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष अतुल कपूर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकारिता करने वाले अंशकालिक संवाददाताओं और समाचार पत्र प्रतिनिधियों को लंबे समय से इस सुविधा से वंचित रखा गया था। एसोसिएशन के लगातार प्रयासों के बाद सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि गत वर्ष 17 मई को बेंगलुरु प्रेस क्लब में आयोजित ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता ने ग्रामीण और शहरी पत्रकारों के बीच भेदभाव समाप्त कर सभी को समान सुविधाएं उपलब्ध कराने की जोरदार मांग उठाई थी। उसी दिशा में यह निर्णय एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
शुक्रवार को बेंगलुरु स्थित सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के दौरान इस निर्णय की पुष्टि की गई। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। इनमें “मीडिया संजीविनी” योजना प्रमुख है, जिसके तहत मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए इस योजना में पांच लाख रुपये तक की सहायता प्रदान की जाती है।

बैठक के दौरान अतुल कपूर ने सूचना अधिकारी पवित्रा को नूरपुर (बिजनौर) में आयोजित प्रांतीय पत्रकार सम्मेलन की स्मारिका भेंट की। वहीं वरिष्ठ पत्रकार निहाल किदवई (एनडीटीवी) को भी स्मारिका प्रदान की गई।
सूचना अधिकारियों ने बताया कि पत्रकार कल्याण निधि के माध्यम से दुर्घटना, गंभीर बीमारी, स्थायी विकलांगता अथवा पत्रकार की मृत्यु की स्थिति में आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों, प्रशिक्षण कार्यशालाओं और पत्रकारिता कौशल विकास कार्यक्रमों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा मीडिया अकादमी का सहयोग मिलता रहेगा।
ग्रामीण पत्रकारों को मिली यह नई सुविधा पत्रकार हित में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे राज्य के दूरदराज क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को अपने दायित्वों के निर्वहन में काफी सहूलियत मिलेगी।