वन्य प्राणी सप्ताह में 12 वर्ष तक के बच्चों को निशुल्क प्रवेश

गोरखपुर प्राणी उद्यान में पूरे सप्ताह होंगे विविध कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं
गोरखपुर। गांधी जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर से शुरू होकर आठ अक्टूबर तक मनाए जाने वाले वन्य प्राणी सप्ताह को लेकर गोरखपुर प्राणी उद्यान में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरे सप्ताह वन्य जीवों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति लोगों, खासकर बच्चों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

प्राणी उद्यान के उप निदेशक डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी वन्य प्राणी सप्ताह उत्साह के साथ मनाया जाएगा। सप्ताहभर आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्कूली बच्चों समेत अन्य प्रतिभागियों को वन्य जीव और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर वन्य प्राणी सप्ताह के दौरान गोरखपुर प्राणी उद्यान में 12 वर्ष तक के बच्चों को निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में वन्य जीवों और पर्यावरण के प्रति रुचि एवं संवेदनशीलता विकसित करना है। निशुल्क प्रवेश से बच्चे प्राणी उद्यान में वन्य जीवों को करीब से समझने के साथ ही आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं और जागरूकता कार्यक्रमों में भी सहजता से प्रतिभाग कर सकेंगे।
प्राणी उद्यान प्रशासन का मानना है कि बचपन से ही बच्चों को वन्य जीवों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने से भविष्य में वे इनके संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।



