नगर निगम ने शुरू किया “थूकना मना है” अभियान
हर्षोंदय टाइम्स -गोरखपुर
गोरखपुर : नगर विकास द्वारा राज्य के नगरों को गुड टू ग्रेट बनाये जाने का प्रयास निरन्तर चल रहा है। प्रदेश में आयोजित जी 20 सम्मेलन के तहत किये गये सौन्दर्यीकरण की निरन्तरता बनाए रखने हेतु 23 फरवरी 2023 से शासन द्वारा “थूकना मना है “अभियान की शुरूआत की गई।
इसके अन्तर्गत स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय की गाइडलाइन के मानकों के अनुसार साफ-सफाई, कूड़ा मुक्त क्षेत्र, लाल और पीला धब्बा,खुले में पेशाब करना इत्यादि हैं। इसको और भी प्रभावी बनाने हेतु शासन द्वारा उत्तर प्रदेश ठोस अपशिष्ट (प्रबन्धन, संचालन एवं स्वच्छता) नियमावली-2021 को सभी निकायों में लागू किया गया।
जिसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर थूकने, पेशाब करने, मल त्यागने समेत अन्य गंदगी करने पर जुर्माने का प्रावधान किया गया है। 6 लाख से अधिक जनसंख्या वाले नगर निगम में 250रू,6 लाख से कम जनसंख्या वाले नगर निगम में 150रू, नगर पालिका क्षेत्र में 100रू, नगर पंचायत क्षेत्र में 50रू जुर्माना लागू किया गया है। नगर निगम, गोरखपुर द्वारा साफ-सफाई एवं सौन्दर्यीकरण का कार्य निरन्तर चल रहा है।
इस अभियान के तहत नगर निगम, गोरखपुर क्षेत्र में इस तरह की गन्दगी फैलाने वालों पर 250रू का जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही साथ खुले में थूकने वाले को “मिस्टर या मिसेज पीकू” का खिताब देकर सम्मानित किया जाएगा।