वाराणसी: छितौनी गांव में 12 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद चक्का जाम

काशीनाथ पाण्डेय
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में सड़क हादसे में 12 वर्षीय साहिल प्रजापति की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कोटवां से लहरतारा रोड पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मासूम का शव घर पहुंचा, परिजनों और गांव वालों का गुस्सा फूट पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस वाहन से हादसा हुआ, उसके चालक की अब तक गिरफ्तारी नहीं की गई है। इसी मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा परिजनों को आश्वासन दिया गया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक जाम समाप्त कराने की कोशिश जारी थी।
(मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान आना शेष है।)



