वाराणसी में ‘राजा विक्रमादित्य’ नाट्य मंचन का भव्य आगाज़, सीएम योगी ने दीप जलाकर किया शुभारंभ

काशीनाथ पाण्डेय ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी। शहर में तीन दिवसीय भव्य नाट्य मंचन कार्यक्रम ‘राजा विक्रमादित्य’ का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित भाजपा के जिला अध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, अशोक तिवारी और राजेश विश्वकर्मा भी मौजूद रहे। आयोजन माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से मध्य प्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा है।
इस तीन दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन में कलाकारों ने नाटकीय प्रस्तुति के माध्यम से राजा विक्रमादित्य के न्यायप्रिय, पराक्रमी और जनकल्याणकारी शासन को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को भारतीय संस्कृति, आदर्श शासन व्यवस्था और ऐतिहासिक मूल्यों से जोड़ना है।
कार्यक्रम को लेकर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर इस भव्य आयोजन का आनंद लिया। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वाराणसी पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।



