भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण पर जोर, एंटी करप्शन विभाग की राष्ट्रीय समीक्षा बैठक सम्पन्न

ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं की निगरानी कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश
हर्षोदय टाइम्स /काशीनाथ पाण्डेय
वाराणसी । रानीपुर महमूरगंज स्थित एंटी करप्शन इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के राष्ट्रीय मुख्य सचिव कार्यालय में रविवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में नेशनल चेयरमैन डॉ. जगदंबा प्रसाद सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार और अत्याचार के खिलाफ संगठित रूप से जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन के सहयोग से आम जनता को न्याय दिलाना संस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय मुख्य सचिव सुजीत सिंह ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर भ्रष्टाचार के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही उन्होंने सभी जिला एवं राज्य स्तर के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों, विशेषकर ग्रामीण इलाकों का दौरा कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन करने और उसकी विस्तृत रिपोर्ट राष्ट्रीय कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर जरूरत पड़ने पर सरकार को पत्राचार कर आम जनमानस को योजनाओं का लाभ दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में नेशनल असिस्टेंट डायरेक्टर एस.के. सिंह, नेशनल चीफ एडवाइजर प्रकाश इक्का, स्टेट डायरेक्टर अजय जायसवाल (छत्तीसगढ़), राजकुमार सरोज (महाराष्ट्र), सुजीत कुमार सिंह (उत्तर प्रदेश), शिवानी सिंह (महिला विंग), राकेश कुमार यादव (असिस्टेंट डायरेक्टर, उत्तर प्रदेश), मयंक सेठ (राज्य सचिव), डॉ. रामप्रसाद सोनकर सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।



