पंकज चौधरी पर टिप्पणी को लेकर गरमाई राजनीति, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने जताया कड़ा विरोध

सपा की सोशल मीडिया पोस्ट पर भाजपा नेताओं में नाराजगी, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा- लोकतंत्र में व्यक्तिगत टिप्पणी का कोई स्थान नहीं

महराजगंज। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के व्यक्तित्व और स्वास्थ्य को लेकर समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
इस मामले में सबसे पहले विरोध दर्ज कराने वालों में पनियरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ज्ञानेंद्र सिंह शामिल रहे। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने अपने पोस्ट के माध्यम से समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं की टिप्पणी की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने कहा कि, “अमर्यादित और ओछी मानसिकता वाली टिप्पणी शोभनीय नहीं है, श्रीमान अखिलेश यादव जी। ये रीढ़ की हड्डी तो इतनी मजबूत है कि समाजवादी पार्टी को 2027 में नाकों चने चबाने पड़ेंगे।”
विधायक ने कहा कि राजनीति में मुद्दों पर बहस और आलोचना हो सकती है, लेकिन किसी व्यक्ति के व्यक्तिगत स्वास्थ्य या शारीरिक स्थिति को लेकर टिप्पणी करना लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध है।
उन्होंने अपने बयान में कहा कि आदरणीय पंकज चौधरी एक बड़ी दुर्घटना में घायल होने के बाद भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता और संगठन की सेवा कर रहे हैं। जनता ने उनके कार्यों पर भरोसा जताते हुए उन्हें लगातार सात बार सांसद चुना है।
ज्ञानेंद्र सिंह ने इस टिप्पणी को अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ है और इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता।



