“आस्था पर राजनीति कर रही कांग्रेस, काशी के विकास से बेचैन है विपक्ष” : सीएम योगी का करारा प्रहार

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
काशी। महाश्मशान मणिकर्णिका घाट पर चल रहे विकास कार्य और उससे जुड़े विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को काशी पहुंचे। हालांकि मुख्यमंत्री मणिकर्णिका घाट नहीं गए, लेकिन सर्किट हाउस में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस लगातार भारत की सनातन आस्था का अपमान करती रही है। मठ-मंदिरों से जुड़े विवादित मुद्दों को उछालकर सनातनी जनता को दिग्भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व में सबसे न्यारी काशी में माता अहिल्याबाई होल्कर के सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कभी भी देश की सांस्कृतिक विरासत का सम्मान नहीं किया और न ही विकास कार्यों को आगे बढ़ाया। आज जब देश और विशेषकर काशी नगरी विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है, तो विपक्ष द्वारा तरह-तरह के अड़ंगे लगाए जा रहे हैं।
सीएम योगी ने काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय भी विकास कार्यों के खिलाफ ऐसा ही माहौल बनाया गया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग उस वक्त विरोध कर रहे थे, वही आज कॉरिडोर में जाकर बाबा विश्वनाथ के सुगम दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मंदिरों के सुंदरीकरण से पर्यटन और रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिला है, जिसे पूरा देश समझ रहा है, लेकिन कांग्रेस इसे समझने को तैयार नहीं है। कांग्रेस को केवल राजनीतिक मुद्दे खड़े करने से मतलब है, न कि आस्था और विकास से।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद काशी के विकास और विरासत को लेकर सियासी बयानबाज़ी और तेज हो गई है।



