लूट की अफवाह से मचा हड़कंप, जांच में निकला आपसी विवाद

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के एनएच-730 स्थित सेमरा राजा टोल प्लाजा पर रविवार देर रात लूट की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बताया गया कि अर्टिगा सवार छह लोगों ने ब्लू ओसियन कंपनी के पिकअप चालक से मारपीट कर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। सूचना पर एएसपी सिद्धार्थ और सीओ जयप्रकाश त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई।

जानकारी के मुताबिक, ब्लू ओसियन कंपनी की पिकअप (UP56T-9996) पानी लेकर चौरीचौरा से लौट रही थी। रात करीब 8:20 बजे सेमरा राजा टोल प्लाजा के पास अर्टिगा सवार युवकों ने वाहन को रोककर ड्राइवर से मारपीट की। आरोप है कि बदमाशों ने ड्राइवर से डेढ़ लाख रुपये भी छीन लिए। घटना का वीडियो टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई।

कंपनी के जीएम किशन सिंह ने बताया कि ड्राइवर ने फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। लूट की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी मच गई।

हालांकि, पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। भिटौली थाना प्रभारी मदन कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना लूट नहीं बल्कि आपसी विवाद का परिणाम थी। कुछ लोगों ने झगड़े को लूट की वारदात का रूप देकर पुलिस को गुमराह किया। थाना प्रभारी ने कहा कि झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *