पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में अपर पुलिस आयुक्त को भावभीनी विदाई

हर्षोदय टाइम्स /काशीनाथ पाण्डेय ब्यूरो
वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश कुमार सिंह के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर आज दिन शनिवार को एक गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने उनके दीर्घ और उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी।
अपने संबोधन में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि श्री राजेश कुमार सिंह ने अपने सेवाकाल के दौरान अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग को मजबूत करने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनकी कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
विदाई समारोह में मण्डलायुक्त वाराणसी एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा सहित कमिश्नरेट के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण सम्मान, भावनाओं और आत्मीयता से ओत-प्रोत रहा।





