दूध टैंकर पेड़ से टकराया, मालिक के भाई की मौत, साइकिल सवार गंभीर घायल

अयोध्या/ गोरखपुर। रौनाही थाना क्षेत्र के सत्ती चौरा चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह करीब 7:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोरखपुर से दूध लादकर इटावा जा रहा एक टैंकर गंज गांव के सामने अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। हादसे में टैंकर में सवार टैंकर मालिक के भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान बुलंदशहर निवासी 30 वर्षीय सतीश पुत्र मांगे राम के रूप में हुई है। वह टैंकर में बैठकर सफर कर रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सतीश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे की चपेट में आए एक स्थानीय साइकिल सवार को राहगीरों ने पुलिस के पहुंचने से पहले जिला अस्पताल भिजवाया, जिससे उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
सूचना पर पहुंचे सत्ती चौरा चौकी प्रभारी सत्यम अग्रवाल ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। टैंकर पर अंकित मोबाइल नंबर के आधार पर वाहन मालिक को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ-साथ घायल साइकिल सवार के परिजनों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।



