उत्तर प्रदेशलखनऊ

महराजगंज में 1 मार्च से शुरू होगी गेहूं खरीद

107 क्रय केंद्रों पर मिलेगा ₹2585 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज, 09 फरवरी। जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। विपणन वर्ष 2026-27 के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) योजना में 1 मार्च 2026 से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होने जा रही है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी श्री विवेक सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी।


उन्होंने बताया कि किसानों से गेहूं खरीद के लिए जनपद महराजगंज में कुल 107 गेहूं क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिन्हें जिलाधिकारी द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया है। इन केंद्रों में खाद्य विभाग के 30, पीसीएफ के 33, पीसीयू के 29 तथा यूपीएसएस के 15 क्रय केंद्र शामिल हैं।


शासन द्वारा इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2585 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। गेहूं विक्रय के लिए किसान पंजीकरण की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। इच्छुक किसान खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in अथवा यूपी किसान मित्र ऐप के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।


पंजीकरण के दौरान किसानों को अपने गेहूं के बोए गए रकबे का विवरण दर्ज करना होगा तथा मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से पंजीकरण को लॉक करना अनिवार्य होगा। साथ ही, समर्थन मूल्य का भुगतान समय से प्राप्त करने के लिए किसानों को अपने बैंक खाते को आधार से लिंक कराकर एनपीसीआई से मैप कराना जरूरी है।


प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते पंजीकरण कराकर सरकारी योजना का लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि से नजदीकी गेहूं क्रय केंद्र पर अपनी उपज बेचें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}