उत्तर प्रदेशवाराणसी

फर्जी आधार कार्ड व प्रवेश पत्र से परीक्षा दे रहा युवक गिरफ्तार

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो वाराणसी

वाराणसी। शहर के लक्सा थाना क्षेत्र स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज, नई सड़क में आयोजित एक सार्वजनिक परीक्षा के दौरान दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहे एक युवक को पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि आरोपी कूट रचित आधार कार्ड और प्रवेश पत्र का इस्तेमाल कर किसी अन्य अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था।


जानकारी के अनुसार 15 मार्च को प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान केंद्र पर अनुक्रमांक 8503703175 के परीक्षार्थी पवन कुमार की पहचान सत्यापन के समय संदिग्ध स्थिति सामने आई। बायोमेट्रिक ई-केवाईसी प्रक्रिया के दौरान उसका आधार कार्ड सत्यापित नहीं हो पाया। इस पर केंद्र पर मौजूद कर्मियों ने दोबारा सत्यापन का प्रयास किया, लेकिन आधार कार्ड लॉक होने की बात सामने आई।


संदेह होने पर जब संबंधित व्यक्ति से पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। बाद में ई-केवाईसी के माध्यम से जांच करने पर पता चला कि प्रस्तुत आधार कार्ड में दर्ज विवरण और वास्तविक आधार डाटा में अंतर है। जांच में सामने आया कि परीक्षा दे रहा व्यक्ति विमलेश कुमार (30) पुत्र अशोक कुमार, निवासी फतेहपुर नासिरपुर पोस्ट गढ़सन, जिला फिरोजाबाद है, जबकि प्रवेश पत्र और दस्तावेजों में नाम पवन कुमार पुत्र रनवीर सिंह, निवासी कटोली झारोकला, सोनभद्र दर्ज था।


बताया जा रहा है कि आरोपी किसी अन्य अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने के लिए फर्जी आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेजों का उपयोग कर रहा था। मामले के सामने आने के बाद उसे हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।


पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318, 319(1), 336, 338, 340, 61(2) तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 की धारा 4/13 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं में फर्जी दस्तावेज तैयार करना या उनका इस्तेमाल करना, धोखाधड़ी करना, किसी अन्य व्यक्ति के रूप में प्रस्तुत होकर लाभ प्राप्त करने का प्रयास करना तथा सार्वजनिक परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।


लक्सा थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}