उत्तर प्रदेशवाराणसी

काशी विश्वनाथ धाम में पुलिस कर्मियों का ‘सॉफ्ट स्किल’ प्रशिक्षण सम्पन्न


सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता पर विशेष जोर, पुलिस आयुक्त ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश


वाराणसी, 16 मार्च। काशी विश्वनाथ धाम में तैनात पुलिस कर्मियों के लिए आयोजित तीन दिवसीय “सॉफ्ट स्किल” प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यशाला का सोमवार को त्रयंबकेश्वर हॉल में समापन हो गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने की।


प्रशिक्षण के समापन अवसर पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर पुलिस की भूमिका केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि वे श्रद्धालुओं को अपना मेहमान समझकर ड्यूटी करें तथा हर परिस्थिति में विनम्रता और धैर्य बनाए रखें।


तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों को प्रभावी संवाद कौशल, भीड़ प्रबंधन, सकारात्मक भाषा के प्रयोग और तनावपूर्ण परिस्थितियों में संतुलित प्रतिक्रिया देने के व्यावहारिक उपाय सिखाए गए। साथ ही नागरिक-केन्द्रित पुलिसिंग और बेहतर जनसंपर्क पर भी विशेष जोर दिया गया।


पुलिस आयुक्त ने बताया कि मंदिर में पुलिस व्यवहार की वास्तविक स्थिति जानने के लिए प्रत्येक सप्ताह पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के वेश में भेजा जाएगा, जो व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर फीडबैक देंगे। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि नए पुलिसकर्मियों की नियुक्ति से पहले उन्हें सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण और काउंसलिंग से गुजरना अनिवार्य होगा।


कार्यक्रम का संचालन मुंबई की संस्था Oyster HR Solutions Private Limited की विशेषज्ञ टीम द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान समूह अभ्यास, संवाद आधारित गतिविधियों और भूमिका-अभिनय के माध्यम से व्यवहारिक सीख दी गई।


इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त (सुरक्षा) अनिल कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}