ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने संस्थापक स्व. बालेश्वर लाल को दी गई श्रद्धांजलि

हर्षोदय टाइम्स
महराजगंज। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन महराजगंज की ओर से संगठन के संस्थापक स्वर्गीय बालेश्वर लाल की पुण्यतिथि पर विकासखंड परतावल सभागार में श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों एवं गणमान्य लोगों ने स्वर्गीय बालेश्वर लाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

सभा को संबोधित करते हुए विनय कुमार पाण्डेय ने कहा कि स्वर्गीय बालेश्वर लाल ने ग्रामीण पत्रकारिता को सशक्त बनाने तथा पत्रकारों की आवाज को मंच प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके विचार, संघर्ष और पत्रकारिता के प्रति समर्पण आज भी पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
जिलाध्यक्ष शेषमणि पाण्डेय ने कहा कि पत्रकारिता की निष्पक्षता, सामाजिक सरोकार और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना ही स्वर्गीय बालेश्वर लाल के जीवन का उद्देश्य था। उन्होंने कहा कि संगठन उनके बताए मार्ग पर चलते हुए पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम में पत्रकारों ने ग्रामीण पत्रकारिता को मजबूत बनाने तथा पत्रकार हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विवेक पाण्डेय, रामप्रवेश उपाध्याय, राममिलन गुप्ता, दीपू रावत, आनंद पाण्डेय, अर्जुन चौधरी, विमलेश पाण्डेय, अरुण कुमार जायसवाल, देवेन्द्र प्रताप शर्मा , निशात अहमद, सत्यभामा सिंह, राजकुमार पटेल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



