महराजगंज पुलिस का अभियान तेज, 665 वाहनों का चालान, 70 अभियुक्त गिरफ्तार

महराजगंज, 21 मई। जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस द्वारा बुधवार को व्यापक अभियान चलाया गया। पुलिस की ओर से यातायात नियमों के उल्लंघन, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग, शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा जनसंवाद कार्यक्रमों के तहत कई महत्वपूर्ण कार्रवाइयां की गईं।
पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने, बिना लाइसेंस वाहन संचालन, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और तेज गति से वाहन चलाने जैसे मामलों में कुल 665 वाहनों का चालान किया गया, जबकि एक वाहन को सीज किया गया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से 69 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। वहीं धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत 16 लोगों तथा धारा 129 जी बीएनएसएस के तहत एक व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल बनाने के उद्देश्य से “मिशन शक्ति” अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों और सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई।
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर जिले के सभी थानाध्यक्षों और प्रभारी निरीक्षकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने बाजारों, बैंक, एटीएम, ग्राहक सेवा केंद्रों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की। साथ ही व्यापारियों और आम लोगों से संवाद कर अतिक्रमण हटाने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों में शांति समिति की बैठकों का आयोजन कर संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, किसानों और कास्तकारों के साथ संवाद स्थापित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की।
इसी क्रम में थाना भिटौली पुलिस ने बेलवा बुजुर्ग निवासी सुभाष चंद्र को 20 पाउच अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों ने कुल 17 विवेचनाओं का निस्तारण किया। वहीं बीती रात 20/21 मई के दौरान विभिन्न मामलों में कुल 70 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।



