उत्तर प्रदेशगोरखपुर

उरुवा में गूंजा संदेश—बेटी-बेटा एक समान, तिरंगा देश की शान



‘द एक्सपोज’ बैनर तले दो शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग शुरू, शुभ मुहूर्त में नारियल फोड़कर व दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ शुभारंभ


उरुवा बाजार, गोरखपुर। सामाजिक जागरूकता, देशभक्ति और भारतीय संस्कृति को केंद्र में रखकर बनाई जा रही दो शॉर्ट फिल्मों ‘बेटी-बेटा में नहीं है कोई अंतर’ और ‘तिरंगा हमारी शान’ की शूटिंग रविवार को उरुवा कस्बे में ‘द एक्सपोज’ बैनर तले शुरू हुई। शूटिंग का शुभारंभ पूर्व अपर जिला कृषि अधिकारी राम अधार यादव एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जेपी तिवारी ने नारियल फोड़कर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


इस अवसर पर राम अधार यादव ने कहा कि निर्माता सुनील गहलोत की पूर्व में रिलीज शॉर्ट फिल्म ‘बेटी का सपना’ ने सोशल मीडिया पर काफी सराहना हासिल की थी। फिल्म के माध्यम से बेटियों की शिक्षा और उनके सपनों को लेकर समाज को सकारात्मक संदेश दिया गया था। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ी फिल्मों की वर्तमान समय में बेहद आवश्यकता है।


प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जेपी तिवारी ने कहा कि मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक संदेश देने वाली फिल्मों का निर्माण सराहनीय पहल है। उन्होंने निर्माता सुनील गहलोत के प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने वाली ऐसी फिल्मों से समाज में सकारात्मक सोच विकसित होती है।


निर्माता सुनील गहलोत ने बताया कि दोनों शॉर्ट फिल्मों की कहानी ‘बुराई पर अच्छाई की जीत’ के संदेश पर आधारित है। पूरी टीम मेहनत और समर्पण के साथ फिल्म को बेहतर बनाने में जुटी है। उन्होंने दर्शकों से फिल्मों को सफल बनाने के लिए सहयोग और स्नेह देने की अपील की।


निर्देशक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों फिल्मों की शूटिंग गोरखपुर के दक्षिणांचल के गांवों और कस्बों के विभिन्न लोकेशन पर की जा रही है। स्थानीय परिवेश में शूटिंग होने से फिल्मों की कहानियों को वास्तविकता के करीब प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।


शूटिंग के शुभारंभ अवसर पर फिल्म यूनिट से अनिल पेंटर, रविन्द्र कुमार, वीरू, जितेंद्र साहनी, रंजीता, पूजा, लाडो, रुकमौता चौहान समेत अन्य कलाकार एवं सहयोगी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}