वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, दो एयरपोर्ट कर्मचारी घायल

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ के जवान और एयरपोर्ट अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए सुबह करीब पौने दस बजे एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जिसे उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत घोषित किया था। सुरक्षा जांच के दौरान असलहे को सील कर विमान के पायलट केबिन में रखने की प्रक्रिया की जा रही थी।
बताया गया कि पिस्टल की मैगजीन को असलहे से अलग किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रिगर दब जाने से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से एक महिला कर्मचारी के पैर में चोट आई, जबकि दूसरी गोली एक पुरुष कर्मचारी के हाथ को छूती हुई निकल गई। दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
गोली चलने की आवाज से टर्मिनल परिसर में हड़कंप मच गया और यात्री कुछ देर के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया। घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
सीआईएसएफ, पुलिस, एयरपोर्ट प्रशासन और खुफिया एजेंसियों की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। यात्री कमलेश राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना को पिस्टल की मैगजीन निकालते समय ट्रिगर दब जाने से हुई आकस्मिक फायरिंग बताया जा रहा है।




