उत्तर प्रदेशमहराजगंज

बरसात का पानी बस्ती में घुसा, ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जल निकासी की मांग की

नालियों की सफाई न होने से बेलहिया टोले में जलजमाव, करीब 50 परिवार प्रभावित

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


भिटौली/महराजगंज। विकासखंड परतावल की ग्राम पंचायत बरियारपुर के बेलहिया टोले में बरसात का पानी बस्ती में घुसने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने और नालियों की सफाई के अभाव में करीब 50 घरों के आसपास जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। आवागमन बाधित होने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन कर शीघ्र जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।


ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश के कारण गांव की पोखरी पूरी तरह भर गई है। वहीं, नालियों की सफाई नहीं होने से बारिश का पानी निकासी के बजाय बस्ती की ओर पहुंच गया। टोले में जगह-जगह पानी जमा होने के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जरूरी काम होने पर ही वे किसी तरह घर से बाहर निकल पा रहे हैं।


जलजमाव के कारण बस्ती में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने संक्रमण फैलने की आशंका जताते हुए तत्काल जलनिकासी, नालियों की सफाई और साफ-सफाई कराने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में मासूम अंसारी, संजय विश्वकर्मा, सोहनलाल, रक्षा गुप्ता, मोमीन, मजीबुल्लाह, इंद्रमन, वीरेंद्र, आलमीन सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।


ग्राम विकास अधिकारी सूरज कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}