प्रेम पोखरा पर धूमधाम से मनेगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व

दो दिवसीय मेले में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा में तैनात रहेंगे 150 पुलिसकर्मी
हर्षोदय टाइम्स/ सुनील मणि त्रिपाठी
आनंदनगर/महराजगंज। आदर्श नगर पंचायत आनंदनगर के वार्ड नंबर नौ स्थित ऐतिहासिक प्रेम पोखरा पर सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जन्माष्टमी की रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर प्रेम पोखरा परिसर में विशेष आयोजन किए जाएंगे। इसके साथ ही दो दिवसीय मेले का आयोजन भी होगा, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
बताया जाता है कि प्रेम पोखरा पर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाने की परंपरा सैकड़ों वर्षों से चली आ रही है। प्रत्येक वर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन-पूजन करते हैं और मेले का आनंद लेते हैं। इस वर्ष भी आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह है।
मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। फरेंदा प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 150 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर टीम भी तैनात रहेगी।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। पुलिसकर्मी पूरे मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त करते रहेंगे। महिलाओं के साथ अभद्रता करने अथवा मेले में उत्पात मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक ने श्रद्धालुओं से मेले के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।



