जन्म-मृत्यु पटल पर पहुंचीं पालिका अध्यक्ष, नागरिकों की सुनी समस्याएं

जन्म-मृत्यु पटल पर पहुंचीं पालिका अध्यक्ष, नागरिकों की सुनी समस्याएं
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज।29 सितंबर : नगर पालिका परिषद महराजगंज की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने मंगलवार को पालिका कार्यालय स्थित जन्म-मृत्यु पटल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए जाने की प्रक्रिया की जानकारी लेने के साथ ही कार्यालय पहुंचे नागरिकों से उनकी समस्याएं भी जानीं।
निरीक्षण के दौरान कुछ नागरिकों ने प्रमाण पत्र से जुड़े कार्यों को लेकर अपनी समस्याएं अध्यक्ष के सामने रखीं। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आने वाले लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। आवेदनों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर उन्होंने जोर दिया।
अध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका में आने वाला प्रत्येक नागरिक महत्वपूर्ण है। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों के लिए लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए कर्मचारी सहयोगात्मक रवैया अपनाएं। उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कार्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार के साथ नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।



