सोनौली गौशाला में दो गोवंश की मौत, प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल

हर्षोदय टाइम्स / अंबिका दत्त चौबे
सोनौली (महराजगंज)।जनपद की विभिन्न गौशालाओं में संरक्षित गोवंशीय पशुओं की लगातार हो रही मौतें अब गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं। फरेंदा ब्लॉक के मधुकरपुर गौशाला में दो पशुओं की मौत के बाद बुधवार को नौतनवा तहसील अंतर्गत सोनौली गौशाला में भी दो गोवंशीय पशुओं के मृत मिलने की सूचना सामने आई है, जिससे प्रशासनिक दावों की पोल खुलती नजर आ रही है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं को लेकर सामाजिक संगठनों में भी आक्रोश व्याप्त है। हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष नरसिंह पाण्डेय ने इस मामले को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी महराजगंज को लिखित शिकायत सौंपकर गौशालाओं की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की है। उन्होंने दोषी एवं लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है।
नरसिंह पाण्डेय ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही गौशालाओं की दुर्व्यवस्था को दूर कर हालात नहीं सुधारे गए तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गोवंश संरक्षण के नाम पर की जा रही लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



