16 अगस्त तक करा लें LPG e-KYC, वरना बुकिंग और सब्सिडी में हो सकती है दिक्कत

गैस कंपनियां SMS और कॉल के जरिए उपभोक्ताओं को कर रहीं सतर्क, अंतिम समय की भीड़ से बचने की सलाह
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
नई दिल्ली। एलपीजी (LPG) गैस उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सूचना है। सरकार ने सभी घरेलू गैस कनेक्शन धारकों से 16 अगस्त तक e-KYC (इलेक्ट्रॉनिक नो योर कस्टमर) प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है। समय सीमा के भीतर e-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को भविष्य में गैस सिलेंडर की बुकिंग, सब्सिडी और अन्य सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उपभोक्ताओं को समय रहते प्रक्रिया पूरी कराने के लिए गैस एजेंसियां लगातार SMS, फोन कॉल और नोटिस के माध्यम से जागरूक कर रही हैं। खासतौर पर ऐसे उपभोक्ता, जिन्होंने लंबे समय से KYC अपडेट नहीं कराया है या हाल ही में मोबाइल नंबर, पता अथवा अन्य विवरण में बदलाव किया है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर e-KYC कराने की सलाह दी गई है।
एजेंसी या ऑनलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध
उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर आधार कार्ड और गैस कनेक्शन से जुड़े दस्तावेजों के साथ e-KYC करा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर आधार सत्यापन और बायोमेट्रिक प्रक्रिया के जरिए KYC पूरी की जाएगी।
इसके अलावा संबंधित गैस कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से भी, जहां सुविधा उपलब्ध है, उपभोक्ता LPG कंज्यूमर नंबर, आधार नंबर और पंजीकृत मोबाइल नंबर के जरिए OTP सत्यापन कर e-KYC पूरी कर सकते हैं।
ये दस्तावेज रखें साथ
आधार कार्ड
LPG कंज्यूमर नंबर या गैस पासबुक
आधार से लिंक मोबाइल नंबर
आवश्यकता होने पर पहचान और पते का प्रमाण पत्र
यदि मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं है, तो पहले उसे अपडेट कराने की सलाह दी गई है।
धोखाधड़ी से रहें सावधान
विशेषज्ञों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अंतिम समय तक इंतजार न करें, क्योंकि डेडलाइन नजदीक आने पर गैस एजेंसियों में भीड़ बढ़ सकती है। e-KYC केवल अधिकृत गैस एजेंसी, आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से ही कराएं। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, आधार नंबर या बैंक खाते की जानकारी साझा न करें और प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसका सत्यापन भी अवश्य कर लें।



