महाराष्ट्र के बारामती में बड़ा विमान हादसा, उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन

हर्षोदय टाइम्स
नई दिल्ली/महाराजगंज। महाराष्ट्र की राजनीति के लिए बुधवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। उपमुख्यमंत्री अजित पवार का चार्टर्ड विमान पुणे के बारामती में लैंडिंग के दौरान रनवे पर क्रैश हो गया। इस भीषण हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार, पायलट, सुरक्षाकर्मी समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई। घटना की पुष्टि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने की है। हादसे के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह अजित पवार मुंबई से चार्टर्ड विमान के जरिए अपने गृह क्षेत्र बारामती के लिए रवाना हुए थे। विमान जैसे ही बारामती एयरस्ट्रिप पर लैंडिंग की प्रक्रिया में था, उसी दौरान रनवे पर संतुलन बिगड़ गया और विमान क्रैश हो गया। टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई और कुछ ही पलों में वह आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे के दृश्य सामने आने के बाद लोगों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि अजित पवार एक दिन पहले मुंबई में हुई कैबिनेट बैठक में शामिल हुए थे। बुधवार को वे बारामती में आगामी जिला परिषद चुनावों के मद्देनज़र आयोजित अहम राजनीतिक बैठकों में भाग लेने वाले थे। लेकिन यह यात्रा उनके जीवन की अंतिम यात्रा साबित हुई।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि किसी को बचाया नहीं जा सका। DGCA ने दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और विमान हादसे के कारणों की गहन पड़ताल की जा रही है।
उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में अपूरणीय क्षति हुई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, मंत्रियों और सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।




