शादी से बचने को युवती ने रचा ‘नागिन ड्रामा’, बिस्तर पर छोड़ी 5 फीट सांप की केंचुल, गांव में मचा हड़कंप

लखनऊ/महाराजगंज : उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक युवती द्वारा रचा गया अजीबोगरीब ड्रामा पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया। शादी से बचने के लिए युवती ने ऐसा फिल्मी तरीका अपनाया कि परिजन ही नहीं, पूरा गांव दहशत में आ गया।
जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय रीना की शादी परिजन कहीं और तय कर चुके थे, लेकिन युवती को यह रिश्ता स्वीकार नहीं था। इसी बीच उसने घर से फरार होने से पहले एक सुनियोजित योजना बनाई। रीना ने अपने कमरे के बिस्तर पर करीब 5 फीट लंबे सांप की केंचुल (कांचली) रख दी और चुपचाप घर छोड़कर चली गई।
सुबह जब परिजनों की नजर बिस्तर पर पड़ी सांप की केंचुल पर पड़ी तो घर में कोहराम मच गया। खबर फैलते ही गांव में अफवाहों का दौर शुरू हो गया। कोई युवती के नागिन बन जाने की बात कहने लगा तो किसी ने इसे चमत्कार करार दिया। देखते ही देखते युवती के घर पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
इसी बीच युवती के अचानक गायब होने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला पूरी तरह से पलट गया। जांच में सामने आया कि युवती का पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जबकि परिजन उसकी शादी किसी और से कराना चाहते थे।
पुलिस के अनुसार, शादी से बचने और लोगों को भ्रमित करने के लिए युवती ने ‘नागिन ड्रामा’ रचा और अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। फिलहाल पुलिस युवती और उसके प्रेमी की तलाश में जुटी हुई है।



