कुशीनगर में दलित महिला से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

कुशीनगर जनपद के हनुमानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में दलित महिला से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। आरोप है कि गांव का एक झोलाछाप चिकित्सक देर रात महिला के घर में घुस गया और जबरदस्ती करने लगा। महिला द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि महिला अपने 10 और 5 वर्ष के दो बच्चों के साथ घर में सो रही थी। आरोपित व्यक्ति पीछे के दरवाजे से घर में दाखिल हुआ। महिला और बच्चों के शोर पर ग्रामीण एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने आरोपी को भागने से रोकने के लिए साड़ी से हाथ-पैर बांध दिए। घटना के दौरान गांव में काफी देर तक हंगामा होता रहा और बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौके पर जमा हो गईं। बाद में ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर आरोपी को उनके हवाले कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पहले भी कई बार गलत नीयत से घर में घुसने का प्रयास कर चुका था। लगभग तीन-चार वर्ष पूर्व भी एक विवाद हुआ था, जिसमें समझौता हो गया था। इस बार पीड़िता ने सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।



