उत्तर प्रदेशगोरखपुर

रॉन्ग साइड से आई फॉर्च्यूनर बनी मौत का कारण, बीआरडी के एमबीबीएस छात्र की दर्दनाक मौत


गोरखपुर। होली के दिन बुधवार रात शहर के चार फाटक ओवरब्रिज पर  एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने कहर बरपा दिया। रॉन्ग साइड से आई कार की टक्कर से बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र आकाश पांडेय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपित चालक को कार समेत गिरफ्तार कर लिया है।


जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 10 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार अचानक रॉन्ग साइड से ओवरब्रिज पर चढ़ आई और सामने से आ रहे बाइक सवार आकाश पांडेय को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल क्षेत्र निवासी आकाश ओवरब्रिज की रेलिंग में फंसकर लटक गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि आकाश पांडेय बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र थे। वह अपने सहपाठी अनूप के कुडाघाट स्थित घर पर भोजन करने गए थे। भोजन के बाद वह देर रात बाइक से वापस मेडिकल कॉलेज लौट रहे थे, तभी चार फाटक ओवरब्रिज पर यह हादसा हो गया।


इस दुर्घटना में दो बाइक सवार समेत तीन अन्य लोग भी फॉर्च्यूनर कार की चपेट में आकर घायल हो गए। सूचना मिलते ही कौवाबाग और मोहद्दीपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद जिला अस्पताल की मोर्चरी पर लोगों और छात्रों की भीड़ जुट गई।


घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एडीएम सिटी और बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य समेत कई एमबीबीएस छात्र मौके पर पहुंच गए। शाहपुर पुलिस ने कार चालक गोल्डेन साहनी उर्फ गोल्डी निषाद, निवासी बाघागाड़ा नौसढ़ को फॉर्च्यूनर कार सहित हिरासत में ले लिया है।

एसपी सिटी ने बताया कि अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}